गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान कार्मिकों एवं माइक्रो ऑब्जर्वर को दिया गया द्वितीय प्रशिक्षण
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान कार्मिकों एवं माइक्रो ऑब्जर्वर को दिया गया द्वितीय प्रशिक्षण
23 अक्टूबर को होगा मतदान, निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने पर जोर
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। आगामी 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में पीठासीन अधिकारियों, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारियों तथा माइक्रो ऑब्जर्वर को द्वितीय चरण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं, मतदान में प्रयोग किए जाने वाले निर्धारित प्रारूपों, निर्वाचन संबंधी अभिलेखों के रखरखाव तथा मतपेटी को खोलने, बंद करने एवं नियमानुसार सील करने की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर अजय सिंह ने प्रोजेक्टर एवं पीपीटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान करते हुए मतदान कार्मिकों को उनके दायित्वों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न निर्वाचन प्रारूपों को सही ढंग से भरने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका मास्टर ट्रेनर ने विस्तारपूर्वक उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सभी मतदान कार्मिकों एवं माइक्रो ऑब्जर्वर को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और निर्वाचन कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदान कार्मिकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सकुशल संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है

Post a Comment