फैमिली आईडी योजना में तेजी लाने के निर्देश, राशन कार्ड से वंचित परिवारों की आईडी बनाने पर जोर
फैमिली आईडी योजना में तेजी लाने के निर्देश, राशन कार्ड से वंचित परिवारों की आईडी बनाने पर जोर
जिलाधिकारी ने की समीक्षा, सिंगल फैमिली आईडी को पूर्ण फैमिली आईडी में परिवर्तित करने के दिए निर्देश
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में फैमिली आईडी—एक परिवार, एक पहचान योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, फैमिली आईडी निर्माण में तेजी लाने तथा पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में जिन परिवारों के राशन कार्ड नहीं बने हैं, उन परिवारों की फैमिली आईडी प्राथमिकता के आधार पर बनाई जाए। उन्होंने कहा कि राशन कार्डधारक परिवारों को छोड़कर शेष सभी पात्र परिवारों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक परिवार की एक विशिष्ट पहचान स्थापित हो सके और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा सके। जिलाधिकारी ने पूर्व में बनाई गई सिंगल फैमिली आईडी की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि ऐसी आईडी को परिवार के अन्य सदस्यों के विवरण के साथ समेकित कर पूर्ण फैमिली आईडी के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवार के किसी भी सदस्य का विवरण छूटने न पाए। इसके लिए 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों, वयस्कों और नौकरीपेशा व्यक्तियों सहित परिवार के सभी सदस्यों का विवरण चिह्नित करते हुए उन्हें फैमिली आईडी में शामिल करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फैमिली आईडी के निर्माण एवं अद्यतन के लिए अभियान चलाकर कार्यवाही में तेजी लाई जाए। उन्होंने निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी योजना का उद्देश्य परिवारों की एकीकृत पहचान स्थापित करना है, जिससे पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी पन्नालाल, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं समस्त खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे

Post a Comment