Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 132 जोड़ों का विवाह संपन्न, विधायक सुरेश पासी ने दिया नवदंपतियों को आशीर्वाद

 मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 132 जोड़ों का विवाह संपन्न, विधायक सुरेश पासी ने दिया नवदंपतियों को आशीर्वाद



117 जोड़ों ने हिंदू रीति-रिवाज से लिए सात फेरे, 15 जोड़ों का मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ निकाह


प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान, कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे 64 हजार रुपये


यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ 


अमेठी। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार, 18 नवंबर 2026 को जगदीशपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 132 जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं के अनुसार विधि-विधान से संपन्न कराया गया। इनमें 117 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा 15 जोड़ों का मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक जगदीशपुर सुरेश पासी ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र भी वितरित किए। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। योजना के माध्यम से सरकार बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी में परिवारों के साथ सहभागी बन रही है और उन्हें आर्थिक संबल उपलब्ध करा रही है। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगदीशपुर राजेश विक्रम सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता रामहेत, उपमा सरोज सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें गृहस्थी की स्थापना के लिए 64 हजार रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा विवाह के कारण परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है। योजना के माध्यम से विभिन्न समुदायों के पात्र जोड़ों को उनकी धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं के अनुरूप विवाह का अवसर प्रदान किया जा रहा है। सामूहिक विवाह समारोह के माध्यम से जहां जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग मिल रहा है, वहीं समाज में आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता, समानता एवं सौहार्द की भावना को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। कार्यक्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं