आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का होगा अभ्यास, 22 नवंबर को अमेठी में आयोजित होगी नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल
आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का होगा अभ्यास, 22 नवंबर को अमेठी में आयोजित होगी नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल
ब्लैक आउट सायरन बजते ही अपनाएं सुरक्षा के उपाय, 22 नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन में होगा मॉक ड्रिल का प्रदर्शन
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। शासन के निर्देशों के क्रम में नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से जनपद अमेठी में द्वितीय नागरिक सुरक्षा विभाग की मॉक ड्रिल का आयोजन 22 नवंबर 2026 को किया जाएगा। जिलाधिकारी (नियंत्रक) की अध्यक्षता में यह मॉक ड्रिल सायं 6:00 बजे नवनिर्मित रिजर्व पुलिस लाइन, सैंठा रोड, गौरीगंज में आयोजित की जाएगी। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर हवाई हमले जैसी संभावित परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों एवं बचाव के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान ब्लैक आउट सायरन बजने पर किसी भी प्रकार की घबराहट न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिला प्रशासन के अनुसार ब्लैक आउट सायरन बजने पर नागरिक जहां भी हों, वहीं निकटतम सुरक्षित स्थान पर शरण लें। यदि आसपास कोई सुरक्षित स्थान उपलब्ध न हो तो जमीन पर लेटकर अपने दोनों कानों को हाथों से मजबूती से दबाए रखें। इस दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और न ही अफवाहों पर ध्यान दें। मॉक ड्रिल के दौरान ब्लैक आउट की अवधि में सार्वजनिक विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाएगी, जिससे चारों ओर अंधेरा रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान अंधेरे से बचने के लिए इनवर्टर अथवा जनरेटर का प्रयोग न करें, ताकि ब्लैक आउट अभ्यास का उद्देश्य प्रभावी ढंग से पूरा हो सके। जिलाधिकारी की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण नागरिक सुरक्षा अभ्यास में सहयोग करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही नागरिकों से यथासंभव रिजर्व पुलिस लाइन, सैंठा रोड, गौरीगंज पहुंचकर मॉक ड्रिल का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखने का अनुरोध किया गया है, जिससे वे आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की एवं अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें। प्रशासन का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों में आपदा एवं आपातकालीन स्थितियों से निपटने की समझ विकसित करना तथा भविष्य में किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में जनसुरक्षा एवं सामूहिक सतर्कता सुनिश्चित करना है

Post a Comment