गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 से हजारों नागरिकों को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ
नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन, लखीमपुर खीरी
गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 से हजारों नागरिकों को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ
धर्म सभा इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित हुआ विशाल स्वास्थ्य मेला
लखीमपुर खीरी, 8 फरवरी 2026। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) लखीमपुर खीरी के तत्वावधान में गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 के अंतर्गत धर्म सभा इंटर कॉलेज के मैदान में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस जनसेवी आयोजन में हजारों नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच, परामर्श एवं औषधि उपलब्ध कराई गई।
उद्घाटन सत्र-
स्वास्थ्य मेले का विधिवत उद्घाटन राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सेवा-प्रधान आयोजनों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचती हैं तथा चिकित्सा सेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं संगठनों की सराहना करते हुए इसे समाजहित का अनुकरणीय प्रयास बताया।
उद्घाटन के पश्चात उपस्थित जनसमूह ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए चिकित्सा शिविरों से लाभ प्राप्त किया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
सनद रहे कि दिनांक 06 एवं 07 फरवरी 2026 को स्वास्थ्य सेवा यात्रा के अंतर्गत 90 चिकित्सकों की टीम द्वारा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की गईं, जिससे 25,000 से अधिक लोग लाभान्वित हुए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहभागिता-
इस स्वास्थ्य सेवा यात्रा में राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) तथा लखीमपुर, शाहजहांपुर, हरदोई के मेडिकल कॉलेजों सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।
इनमें फिजिशियन, दंत विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, आयुर्वेद विशेषज्ञ, कैंसर रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं हृदय रोग विशेषज्ञ सम्मिलित रहे।
स्वास्थ्य जागरूकता एवं जाँच अभियान-
यात्रा के दौरान नागरिकों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रमुख रूप से व्यक्तिगत एवं दंत स्वच्छता, संतुलित आहार, मासिक धर्म स्वच्छता, कुपोषण रोकथाम, कैंसर जागरूकता, तंबाकू व नशा मुक्ति, एनीमिया, रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच शामिल रही।
निःस्वार्थ चिकित्सा सेवा यात्रा-
इस सेवा यात्रा में नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गेनाइजेशन के 90 से अधिक चिकित्सकों एवं चिकित्सा छात्रों ने अपनी निःस्वार्थ सेवाएँ प्रदान कीं। निघासन, पलिया और लखीमपुर क्षेत्र में आयोजित शिविरों एवं मेले के माध्यम से लगभग 25,000 नागरिकों को निःशुल्क जांच, दवाइयाँ और परामर्श उपलब्ध कराया गया।
समापन सत्र-
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह स्वास्थ्य सेवा यात्रा न केवल रोगों की रोकथाम और जनस्वास्थ्य संवर्धन का कार्य कर रही है, बल्कि चिकित्सकों में राष्ट्रीयता, नैतिकता और सेवा भावना को भी सुदृढ़ कर रही है।
मुख्य वक्ता डॉ. संजय भट्ट ने कहा कि विगत पाँच वर्षों से नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गेनाइजेशन (अवध एवं गोरक्ष प्रांत) तथा श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास द्वारा यह यात्रा सतत संचालित की जा रही है, जो स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शोध को भी प्रोत्साहित करती है।
सहयोगी संगठनों की सहभागिता-
इस आयोजन को सफल बनाने में सीमा जागरण मंच, एकल अभियान, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सेवा भारती, विद्या भारती, वनवासी कल्याण आश्रम, आरोग्य भारती एवं विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न राष्ट्रसेवी संगठनों का सहयोग रहा।
अंत में नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के जिलाध्यक्ष डॉ. रमा रमण मिश्रा ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, चिकित्सा छात्रों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी संगठनों का आभार व्यक्त किया और इस जनकल्याणकारी प्रयास को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे-
कार्यक्रम में विभाग प्रचारक अभिषेक, सह विभाग प्रचारक अविनाश, जिला कार्यवाह संजीव, जिला सह कार्यवाह अमरेश, जिला संघचालक अवधेश, सेवा भारती जिलाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, प्रधानाचार्य अरविंद सिंह, विभाग सम्पर्क प्रमुख नीरज सिंह, वाई.पी. सिंह, सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment