अवैध कब्जे के आरोप में भाकियू टिकैत गुट का धरना, प्रशासन ने मौके पर कराई पैमाइश
अवैध कब्जे के आरोप में भाकियू टिकैत गुट का धरना, प्रशासन ने मौके पर कराई पैमाइश
सीतापुर जिले के सिधौली तहसील क्षेत्र अंतर्गत विकास खण्ड कसमण्डा की ग्राम पंचायत हरदी मजरा हरदी पुरवा में बने रहे अस्थायी गोआश्रय स्थल को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिला संगठन मंत्री अनिकेत सिंह ने शनिवार को एसडीएम सिधौली राखी वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि गोआश्रय स्थल के निर्माण में गंभीर अनियमितता की जा रही है।
किसानों का आरोप है कि ठेकेदार सुरेन्द्र वर्मा द्वारा बिना लेखपाल से भूमि का चिन्हांकन कराए किसान छविनाथ और श्रीराम पुत्रगण सरजू की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
किसानों द्वारा पहले ही इस मामले की शिकायत अधीनस्थ अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान नेताओं ने मजबूरन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने की सूचना मिलते ही सिधौली तहसीलदार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान जब किसानों के खेत की पैमाइश कराई गई तो मौके पर खेत कम निकला। इसके बाद नायब तहसीलदार ने अपनी मौजूदगी में पैमाइश दुरुस्त कराते हुए किसान की भूमि को आगे खाली पड़ी सरकारी जमीन में पूरा कराया।
मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी कमलापुर इतुल चौधरी पुलिस बल के साथ मौजूद रहीं। वहीं बड़ी संख्या में किसान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर डटे रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद फिलहाल किसानों ने राहत की सांस ली है, लेकिन किसान संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Post a Comment