अमेठी पुलिस को चकमा देकर भागा अभियुक्त दोबारा गिरफ्तार
अमेठी पुलिस को चकमा देकर भागा अभियुक्त दोबारा गिरफ्तार
अमेठी। जनपद के जामों थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी से फरार हुए अभियुक्त को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोबारा गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश के लिए तत्काल तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी करते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया।जानकारी के अनुसार, अभियुक्त पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर निकल भागा था। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और उच्चाधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए अलग-अलग टीमों को संभावित स्थानों पर रवाना किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने फरार अभियुक्त को थाने से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे दोबारा हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरारी की घटना को गंभीरता से लिया गया है और इस मामले में लापरवाही की भी जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी कहा गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए जिले में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी संभव हो सकी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की घटनाओं पर सख्त नजर रखी जा रही है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद के साथ

Post a Comment