सम्पूर्णानगर चीनी मिल की बसंतकालीन गन्ना बुवाई जागरूकता रैली, किसानों को उन्नत प्रजातियों के लिए किया प्रेरित
सम्पूर्णानगर चीनी मिल की बसंतकालीन गन्ना बुवाई जागरूकता रैली, किसानों को उन्नत प्रजातियों के लिए किया प्रेरित
Rep.By Manoj Prajapati
लखीमपुर खीरी के सम्पूर्णानगर स्थित किसान सहकारी चीनी मिल द्वारा बसंतकालीन गन्ना बुवाई अभियान के तहत शनिवार सुबह एक बाइक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ मिल गेट से किया गया, जिसे प्रधान प्रबंधक शादाब असलम, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मिथिलेश कुमार पाण्डेय तथा मुख्य गन्ना अधिकारी उदयभान सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली चीनी मिल परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर किसानों को बसंतकालीन गन्ने की बुवाई, बीज की उपलब्धता, बीज बदलाव, गहरी जुताई, ट्रेंच विधि से बुवाई के लाभ तथा पेड़ी प्रबंधन के प्रति जागरूक करेगी। साथ ही विभागीय एवं चीनी मिल की विकास योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी जाएगी।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मिथिलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि वर्तमान में बसंतकालीन गन्ने की बुवाई प्रारंभ हो चुकी है। किसानों को रोगग्रस्त प्रजातियों की बजाय उन्नत एवं शीघ्र परिपक्व होने वाली प्रजातियों—को. 0118, को. शा. 13235, को. शा. 13231, को. शा. 17231, को. शा. 18231, को. शा. 19231, को. शा. 88230, को. लख. 11203, को. लख. 15023, को. लख. 16202 तथा सामान्य प्रजातियों में को. से. 13452, को. लख. 14204, को. शा. 10239, को. शा. 01434—की बुवाई करने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि उन्नत प्रजातियों से लागत कम और उत्पादन अधिक होगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
मुख्य गन्ना अधिकारी उदयभान सिंह ने बताया कि रैली का उद्देश्य गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाना और रोगमुक्त प्रजातियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि बुवाई के समय भूमि शोधन और बीज शोधन अवश्य करें।
प्रधान प्रबंधक शादाब असलम ने गन्ना भुगतान को लेकर आश्वासन दिया कि होली से पूर्व भुगतान सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर गंगाराम यादव (सचिव), वेद व्यास मणि (विकास लिपिक), खेदन यादव, सत्येन्द्र त्रिपाठी, जयपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सीरी न्यूज़ 24 से यूपी हेड मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट


Post a Comment