मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद भू-माफिया सक्रिय, पीड़ित पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बावजूद भू-माफिया सक्रिय, पीड़ित पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार!
लखीमपुर-खीरी । जनपद में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे की खबर प्रकाशित करने के बाद एक पत्रकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने इसे साजिश बताते हुए पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला गोकुलपुरी गढ़ी रोड़ पावर हाउस के पास निवासी विशाल भारद्वाज ने बताया कि ग्राम पंचायत नरहर की गाटा संख्या 883 (रकबा 0.287) सहित लगभग 600 एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है। इस संबंध में समाचार प्रकाशित किया गया था, जिसमें क्षेत्रीय लेखपाल कमलेश कुमार तथा ग्राम प्रधान का नाम भी चर्चा में आया। पीड़ित का आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद उन पर दबाव बनाया गया और समझौते के प्रयास किए गए। समझौता न होने पर 18 दिसंबर 2025 को तहसील परिसर में जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अभद्र व्यवहार किए जाने की बात कही गई है। इसके पश्चात 13 जनवरी 2026 को विभिन्न धाराओं में उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई। जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में जनपद में सामने आए इस प्रकरण ने प्रशासनिक कार्रवाई पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। पीड़ित का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप कार्रवाई की जाए तो सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जा सकता है। विशाल भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने इससे पूर्व जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा दर्ज एफआईआर की समीक्षा करने की मांग की है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment