घर में बंधी बकरी को उठा ले गया तेंदुआ, ग्रामीणों में रोष
घर में बंधी बकरी को उठा ले गया तेंदुआ, ग्रामीणों में रोष
श्री न्यूज़ 24 | रिपोर्ट: सहबान अली
जनपद के ग्राम पंचायत घोला में उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह करीब 4 बजे एक तेंदुआ घर के अंदर बंधी बकरी को उठा ले गया। जानकारी के अनुसार प्रमोद नामक ग्रामीण की बकरी को तेंदुआ घर से ही खींचकर ले गया।
घरवालों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और काफी तलाश के बाद बकरी खेतों की ओर मृत अवस्था में मिली। ग्रामीणों का दुःख उस समय और बढ़ गया जब उन्होंने देखा कि तेंदुए ने बकरी का पेट फाड़ दिया था और उसके पेट में दो बच्चे भी थे।
बताया जा रहा है कि घोला फार्म क्षेत्र में तेंदुए के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि वे बड़ी मेहनत से पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में यदि वन विभाग समय रहते कदम नहीं उठाता, तो कोई बड़ी घटना भी हो सकती है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और तेंदुओं को सुरक्षित रूप से जंगल क्षेत्र में रखने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
(कैमरा पर्सन के साथ सहबान अली, श्री न्यूज़ 24)

Post a Comment