ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश!
लखीमपुर खीरी। थाना मवागंज क्षेत्र के अंतर्गत सिंघानिया गांव में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोगों द्वारा लगातार सार्वजनिक जमीन पर कब्जा किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं का कहना है कि कब्जे के कारण उनके आने-जाने के रास्ते बंद कर दिए गए हैं। आरोप है कि विरोध करने पर दबंग पक्ष द्वारा धमकियां भी दी जा रही हैं। एक वायरल वीडियो में कथित तौर पर आरोपी खुलेआम कहते नजर आ रहे हैं कि “जो करना है कर लो, यह रास्ता नहीं खोलेंगे।”
यह मामला पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार जहां एक ओर ग्राम सभा की जमीन को कब्जा मुक्त कराने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इस तरह के मामलों में लापरवाही देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर रास्ता खुलवाने और कब्जा हटवाने की मांग की है, ताकि गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे और लोगों को राहत मिल सके।

Post a Comment