कर्ज विवाद में ट्रैक्टर छीने जाने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
कर्ज विवाद में ट्रैक्टर छीने जाने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार!
लखीमपुर खीरी। थाना धौरहरा क्षेत्र के ग्राम प्रतापी बहण निवासी अनिल कुमार ने कर्ज विवाद को लेकर ट्रैक्टर छीने जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
अनिल कुमार के अनुसार, उन्होंने कौशल नामक व्यक्ति से ट्रैक्टर खरीदते समय ₹56,000 उधार लिए थे। शर्त के तहत अनिल कुमार पिछले दो वर्षों से विपक्षी की लगभग 30 बीघा जमीन बिना भाड़े के जोत रहे थे। पीड़ित का कहना है कि वह ₹40,000 वापस कर चुके हैं और ₹16,000 शेष है, जिसे वह धीरे-धीरे चुकाने को तैयार हैं।
आरोप है कि शेष रकम को लेकर विवाद बढ़ने पर कौशल ने जबरन ट्रैक्टर छीन लिया। विरोध करने पर पीड़ित को धमकाया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि वह पहले नजदीकी थाना धौरहरा पहुंचे, लेकिन वहां उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने 18 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Post a Comment