अमेठी पुलिस लाइन में नव आरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न
अमेठी पुलिस लाइन में नव आरक्षियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न
शानदार मार्चपास्ट से गूंजा परेड ग्राउंड, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु हुए सम्मानित
अमेठी। जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित नवीन पुलिस लाइन परिसर सोमवार को उस समय देशभक्ति, अनुशासन और गौरव के भाव से सराबोर हो उठा, जब नव प्रशिक्षित आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में नव आरक्षियों ने कदमताल, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों का मन मोह लिया।समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक (इंटेलीजेंस) ने परेड की सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण किया। बैंड की मधुर धुनों के बीच नव आरक्षियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अपनी दक्षता और अनुशासन का परिचय दिया। परेड का नेतृत्व अंकुल यादव, आकाश यादव और दिलीप कुमार ने किया, जिनकी कमान में जवानों की टुकड़ियां एक समान कदमताल के साथ आगे बढ़ती नजर आईं।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक का संदेश लाइव प्रसारण के माध्यम से सुनाया गया। संदेश में नव आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया गया। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने पर जोर दिया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अब इन जवानों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखना, कमजोर और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाना तथा निष्पक्षता के साथ अपनी ड्यूटी निभाना ही एक सच्चे पुलिसकर्मी की पहचान होती है। उन्होंने नव आरक्षियों से अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवा भावना को अपने कार्य का मूल मंत्र बनाने की अपील की।
दीक्षांत समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया। प्रशिक्षु आनन्द विश्वकर्मा ने सर्वांग सर्वोत्तम का खिताब प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा अन्य श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को भी प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किए गए।समारोह के अंतिम चरण में सभी नव आरक्षियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा, निष्पक्ष सेवा और राष्ट्रहित में कार्य करने की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के साथ ही उन्हें औपचारिक रूप से पुलिस बल का हिस्सा घोषित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अमेठी , पुलिस अधीक्षक अमेठी , अपर पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में मौजूद अधिकारियों और परिजनों ने नव आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद के साथ

Post a Comment