अमेठी: रास्ते के विवाद को लेकर दबंगों ने महिला और उसके परिजनों को पीटा, थाने में शिकायत दर्ज
अमेठी: रास्ते के विवाद को लेकर दबंगों ने महिला और उसके परिजनों को पीटा, थाने में शिकायत दर्ज
बाजार शुकुल, अमेठी।
जनपद अमेठी के थाना बाजार शुकुल अंतर्गत ग्राम तेतारपुर में रास्ते के विवाद को लेकर एक महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़िता राधा पत्नी पवन कुमार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए विपक्षी गणों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता के अनुसार, घटना 26 अप्रैल 2026 की है। गांव के ही विपक्षी गण भोलेनाथ, मंजीत और अमरजीत (पुत्रगण स्व. राम प्यारे) सीसी रोड पर पिलर खड़ा कर रहे थे, जिससे आने-जाने का रास्ता बाधित हो रहा था। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो विपक्षी गणों ने उसके साथ गाली-गलौज और विवाद किया।
रास्ते में रोककर किया हमला
शिकायत पत्र के मुताबिक, विवाद की सूचना थाने में देकर जब पीड़िता रात करीब 8:30 बजे वापस अपने घर जा रही थी, तभी जलाली गांव के पास नहर के पुल पर विपक्षियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि अशोक (पुत्र राधेश्याम), सूरज (पुत्र पवन कुमार), और दीपक (पुत्र राजकुमार) ने डंडा, हॉकी और बेल्ट से पीड़िता, उसके देवर और लड़कों पर हमला कर दिया।
ग्रामीणों के आने पर भागे आरोपी
शोर मचाने पर जब गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी वहां से भाग निकले। इस हमले में पीड़िता और उसके परिजनों को काफी चोटें आई हैं। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
नोट: पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद के साथ


Post a Comment