शॉर्ट सर्किट से परचून दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख
शॉर्ट सर्किट से परचून दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख
40 KM दूर ससुराल से बच्चों के फोन पर लौटे दुकानदार, रो-रोकर बुरा हाल
श्री न्यूज 24 अदिति न्यूज मण्डल रिपोर्टर चन्दन सोनी लखनऊ मण्डल लखीमपुर खीरी से
लखीमपुर निघासन-खीरी। तहसील निघासन की ग्राम पंचायत खैरहनी में बीती रात करीब 2:30 बजे शॉर्ट सर्किट से अरविंद कुमार गुप्ता की परचून की दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
बच्चों के फोन पर भागे आए दुकानदार
घटना के समय अरविंद कुमार गुप्ता और उनकी पत्नी करीब 40 किलोमीटर दूर जसनगर स्थित ससुराल गए हुए थे। अचानक बच्चों का फोन आया कि “पापा, दुकान में आग लग गई है।” ये सुनते ही अरविंद अपनी पत्नी के साथ तुरंत वापस लौटे, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था।
दुकान में रखी बिक्री के करीब दो हजार रुपये, इनवर्टर और बैटरी भी आग की भेंट चढ़ गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों की तमाम कोशिशों के बावजूद सामान नहीं बचाया जा सका।
आंखों के सामने उजड़ गया परिवार
अरविंद कुमार गुप्ता का पूरा परिवार इसी दुकान की आमदनी पर निर्भर था। इसी दुकान से बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलता था। अब दुकान जलकर राख होने से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि अरविंद का रो-रोकर बुरा हाल है। घरवालों की चीख-पुकार सुनकर पूरा गांव इकट्ठा हो गया, लेकिन कोई कुछ नहीं कर पाया।
प्रशासन से मदद की गुहार
पीड़ित अरविंद कुमार गुप्ता ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि “एक ही सहारा था वो भी खत्म हो गया। अब बच्चों को कैसे पढ़ाऊं, घर कैसे चलाऊं, कुछ समझ नहीं आ रहा।”
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर काफी पुराने हैं। अक्सर शॉर्ट सर्किट की घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा दिया जाए और बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

Post a Comment