शिक्षक की मनमानी: नौनिहाल कर रहे इंतज़ार, साहब घर के काम निपटाकर पहुँच रहे स्कूल
शिक्षक की मनमानी: नौनिहाल कर रहे इंतज़ार, साहब घर के काम निपटाकर पहुँच रहे स्कूल
श्री न्यूज 24/अदिति न्यूज मण्डल रिपोर्टर चन्दन सोनी लखनऊ मण्डल लखीमपुर खीरी से
लखीमपुर खीरी (निघासन): सरकार एक और करोड़ों रुपये खर्च कर शिक्षा व्यवस्था को सुधारने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ लापरवाह शिक्षक इन दावों को ठेंगा दिखा रहे हैं। ताजा मामला निघासन ब्लॉक की ग्राम पंचायत बम्हनपुर के कधई लाल पुरवा स्थित प्राथमिक विद्यालय का है।
गेट पर खड़े मिले बच्चे, गुरुजी ने उन्हीं से खुलवाया ताला
सूत्रों के अनुसार, यहाँ तैनात सहायक अध्यापक संतोष कुमार के लिए स्कूल का समय कोई मायने नहीं रखता। हद तो तब हो गई जब स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे गुरुजी से पहले स्कूल पहुँच गए और गेट बंद होने के कारण बाहर ही खड़े रहे। काफी देर बाद जब 'साहब' आराम फरमाकर विद्यालय पहुँचे, तो उन्होंने खुद गेट खोलने के बजाय मासूम बच्चों से ही ताला खुलवाया।
निजी कामों में व्यस्त, शिक्षा भगवान भरोसे
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिक्षक संतोष कुमार अक्सर घर के कामकाज निपटाने के बाद ही स्कूल आते हैं। इतना ही नहीं, छुट्टी का समय होने से काफी पहले ही वे अपने निजी कामों के लिए स्कूल से रफूचक्कर हो जाते हैं। विद्यालय में उनकी इस 'मनमानी' के चलते बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह चौपट हो रही है।
क्या होगी ठोस कार्यवाही
ग्रामीणों ने इस भ्रष्ट आचरण पर रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से सवाल किया है कि आखिर ऐसे शिक्षकों पर लगाम क्यों नहीं कसी जा रही?
अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारी इस गंभीर लापरवाही का संज्ञान लेकर आरोपी सहायक अध्यापक के खिलाफ क्या सख्त कदम उठाते हैं।

Post a Comment