रामनगर नैनीताल की तुषिता का अंतरराष्ट्रीय मंच पर चयन, कोस्टा रिका के प्रतिष्ठित UWC सेंटर में मिली जगह
रामनगर नैनीताल की तुषिता का अंतरराष्ट्रीय मंच पर चयन, कोस्टा रिका के प्रतिष्ठित UWC सेंटर में मिली जगह
श्री न्यूज 24/अदिति न्यूज़
सुरेंद्र सैनी रामनगर संवाददाता
रामनगर नैनीताल ,मेधावी छात्रा तुषिता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। तुषिता का चयन विश्वप्रसिद्ध संस्था United World Colleges यानी UWC के कोस्टा रिका सेंटर में अध्ययन के लिए हुआ है। खास बात यह है कि इस उपलब्धि के साथ तुषिता को 50 प्रतिशत स्कॉलरशिप भी प्राप्त हुई है।
रामनगर की छात्रा तुषिता ने एक कठिन और प्रतिस्पर्धात्मक चयन प्रक्रिया को पार करते हुए यह बड़ी सफलता हासिल की है। United World Colleges के अंतर्गत संचालित कोस्टा रिका सेंटर दुनिया के चुनिंदा और प्रतिभाशाली छात्रों के लिए जाना जाता है, जहां सीमित सीटों पर ही प्रवेश दिया जाता है।
इस प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश पाना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, क्योंकि यहां चयन के लिए वैश्विक स्तर पर छात्रों का मूल्यांकन किया जाता है। तुषिता ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर इस मुकाम को हासिल कर न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि अपने विद्यालय और पूरे रामनगर क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने तुषिता की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि तुषिता जैसी छात्राएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं।
विद्यालय के सभी शिक्षकों ने तुषिता को इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि तुषिता भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी।

Post a Comment