पलिया में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी स्मारक बाल विकास प्रदर्शनी का शानदार आगाज, तहसीलदार ने किया उद्घाटन
पलिया में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी स्मारक बाल विकास प्रदर्शनी का शानदार आगाज, तहसीलदार ने किया उद्घाटन
श्री न्यूज़ 24अदिति न्यूज़
राजू सिंह
पलिया खीरी
पलिया नगर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई स्मारक बाल विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हो गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं तहसीलदार पलिया ज्योति वर्मा और विशिष्ट अतिथि जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अमित महाजन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इससे पूर्व अतिथियों ने नारियल फोड़कर और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।उद्घाटन के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तहसीलदार ज्योति वर्मा ने कहा कि पलिया नगर हिमालय की तलहटी और तराई के घने जंगलों की प्राकृतिक सुंदरता से घिरा हुआ क्षेत्र है, जहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। पलिया न सिर्फ लखीमपुर खीरी बल्कि पूरे देश-प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी खास पहचान रखता है। ऐसे खूबसूरत नगर में बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस तरह की प्रदर्शनी का आयोजन बेहद सराहनीय कदम है। विशिष्ट अतिथि अमित महाजन ने कहा कि भीषण गर्मी की छुट्टियों के दौरान हर वर्ष आयोजित होने वाली इस बाल विकास प्रदर्शनी को देश के श्रद्धेय नेता अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति को समर्पित करना गर्व की बात है। यहां महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों के मनोरंजन के साथ-साथ खानपान के भी बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं।इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने कहा कि उमस भरी गर्मी के इस मौसम में बच्चों और उनके अभिभावकों को मानसिक तनाव से दूर कर एक स्वस्थ मनोरंजन प्रदान करना ही इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य है। प्रमुख समाजसेवी आलोक मिश्रा "भइया" और पूर्व सांसद प्रतिनिधि दीपक तलवार ने सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि हर साल क्षेत्र के हजारों लोग इस मेले का आनंद उठाते हैं, जिसे देखते हुए यहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रदर्शनी के व्यवस्थापक कृष्ण कुमार दिवाकर उर्फ गोपी भैया ने बताया कि क्षेत्र के बच्चों के मनोरंजन और ज्ञानवर्धन को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी एक ही परिसर के भीतर शिक्षाप्रद खेल, व्यायाम और पूरी तरह शाकाहारी व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं।समारोह को विधायक प्रतिनिधि श्याम आनंद, भाजपा महामंत्री विजय गुप्ता और रामलीला कमेटी के अध्यक्ष तेजपाल चौधरी बिल्लू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में व्यवस्थापक कृष्ण कुमार दिवाकर ने आए हुए सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के कोषाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता गौरव बंसल प्रेम गुप्ता सतवीर सिंह कमलेश राय धनेन्द्र शुक्ला महेंद्र प्रताप सिंह सोमेश माधव मिश्रा मनोज मिश्रा आयुष दिवाकर हर्षिता दिवाकर और सुमित सहित भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी, गणमान्य नागरिक और पत्रकार मौजूद रहे।

Post a Comment