अमेठी में प्राथमिक विद्यालय की बदहाल व्यवस्था उजागर, कमरों में फैली गंदगी से बच्चों का भविष्य खतरे में
अमेठी में प्राथमिक विद्यालय की बदहाल व्यवस्था उजागर, कमरों में फैली गंदगी से बच्चों का भविष्य खतरे में
अमेठी। जिले की तहसील तिलोई, ब्लॉक तिलोई अंतर्गत ग्राम सभा देवकली के गांव संगीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की हालत बेहद दयनीय और चिंताजनक देखने को मिली। सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र सिंह राजपूत द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किए जाने पर कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय के चार कमरों के खिड़की और दरवाजे पूरी तरह टूटे पड़े हैं। कमरों की स्थिति इतनी खराब है कि वहां गंदगी का अंबार लगा हुआ है और बच्चे उन्हीं कमरों में शौच करने को मजबूर हैं। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का अभाव साफ दिखाई दिया, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।धर्मेंद्र सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि विद्यालय की देखरेख में भारी लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों पर असर डाल रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित पक्ष ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कर संबंधित अधिकारियों को विद्यालय की बदहाल स्थिति की जानकारी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही विद्यालय की मरम्मत, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बच्चों की शिक्षा पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा विद्यालय को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए, ताकि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment