पेडरिया गांव में श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु
पेडरिया गांव में श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु
तिलोई,अमेठी।
विकासखंड सिंहपुर क्षेत्र के पेडरिया गांव में सुरेश सिंह के यहां आयोजित सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। कथा पंडाल में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्ति संगीत, मंत्रोच्चार और भगवान के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु कथा श्रवण कर भाव-विभोर दिखाई दिए।अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास इंद्रेश कौशिक जी महाराज ने चौथे दिन भगवान श्रीहरि के दिव्य चरित्रों का अत्यंत मार्मिक और प्रेरणादायी वर्णन किया। उन्होंने ध्रुव चरित्र की कथा सुनाते हुए कहा कि सच्ची भक्ति में इतनी शक्ति होती है कि एक बालक भी कठोर तपस्या के बल पर भगवान को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि ध्रुव ने विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और संयम नहीं छोड़ा, बल्कि अपनी माता सुनीति के संस्कारों से प्रेरित होकर प्रभु भक्ति का मार्ग अपनाया।कथाव्यास ने श्रद्धालुओं से कहा कि बच्चों को बचपन से ही धर्म, संस्कार और भक्ति की शिक्षा देना आवश्यक है, क्योंकि बचपन कच्ची मिट्टी की तरह होता है, जिसे जैसा आकार दिया जाए वैसा ही स्वरूप बन जाता है। उन्होंने कहा कि यदि पांच वर्ष का बालक ध्रुव भगवान को प्राप्त कर सकता है, तो मनुष्य किसी भी उम्र में सच्चे मन से प्रभु का स्मरण कर जीवन को सफल बना सकता है।कथा के दौरान भगवान विष्णु के कच्छप अवतार का भी अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया। महाराज जी ने बताया कि समुद्र मंथन के समय जब मंदारा चल पर्वत समुद्र में डूबने लगा, तब भगवान श्रीहरि ने कच्छप अवतार धारण कर उसे अपनी पीठ पर संभाला और देवताओं तथा दानवों के कार्य को सफल बनाया। इस प्रसंग को सुनते ही पूरा पंडाल “हरि बोल” और “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा।
उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि मनुष्य को अहंकार और घमंड से दूर रहना चाहिए। अहंकार व्यक्ति के पतन का सबसे बड़ा कारण है, जबकि विनम्रता, सेवा और भक्ति जीवन को ऊंचाइयों तक पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि जीवन क्षणभंगुर है, इसलिए समय रहते प्रभु भक्ति और मानव सेवा को अपनाना चाहिए।
कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लेकर प्रभु नाम का संकीर्तन किया। पूरा वातावरण आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति रस से ओतप्रोत दिखाई दिया। आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य लोग, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment