अमेठी में गरजा पत्रकारों का जमावड़ा, अफसरों ने गिनाए मीडिया के कर्तव्य
अमेठी में गरजा पत्रकारों का जमावड़ा, अफसरों ने गिनाए मीडिया के कर्तव्य
प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन में डीएम बोले- युधिष्ठिर थे सबसे बड़े पत्रकार, एसपी ने दी संयम की सलाह
अमेठी
जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित विकास भवन के डीपीआरसी सभागार में आयोजित प्रांतीय पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में बुधवार को पत्रकारों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, दैनिक सहारा जीवन और दैनिक अमेठी आईना की ओर से किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. तथा मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू शामिल हुए। अमेठी के अलावा प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, रायबरेली, अयोध्या और लखनऊ से आए पत्रकारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को प्रांतीय स्वरूप प्रदान किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी संजय चौहान ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाभारत काल में धर्मराज युधिष्ठिर सत्य और निष्पक्षता के प्रतीक थे, इसलिए उन्हें उस दौर का सबसे बड़ा पत्रकार कहा जा सकता है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने ‘NEWS’ शब्द की नई व्याख्या करते हुए कहा कि “नॉर्थ, ईस्ट, वेस्ट और साउथ, चारों दिशाओं की प्रमाणिक खबर ही वास्तविक पत्रकारिता है।” उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि जल्दबाजी में प्रसारित की गई खबरें कानून व्यवस्था के लिए समस्या खड़ी कर सकती हैं, इसलिए संयम और सत्यापन बेहद जरूरी है।
मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने पत्रकारों को 24 घंटे सक्रिय रहने वाला वर्ग बताते हुए कहा कि प्रशासन तक कई महत्वपूर्ण सूचनाएं सबसे पहले मीडिया के माध्यम से ही पहुंचती हैं। उन्होंने पत्रकारों की भूमिका को समाज और प्रशासन के बीच मजबूत कड़ी बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संघ अध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। डॉ. रमेश सिंह के संचालन में हुए कार्यक्रम में संतोष श्रीवास्तव, रमन पांडेय और बी.पी. सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह के अंत में जिले और बाहरी जनपदों से आए चुनिंदा पत्रकारों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान श्री न्यूज़ 24 से यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद,चाणक्य न्यूज़ब्यूरो चीफ अमेठी राजशेखर मिश्रा एवं पी न्यूज़ तहसील रिपोर्टर शैल मिश्रा तथा के कई वरिष्ठ और युवा पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment