घर का दरवाजा तोड़ नकदी, साइकिल व गेहूं चोरी, पीड़ित ने लगाई कार्रवाई की गुहार
घर का दरवाजा तोड़ नकदी, साइकिल व गेहूं चोरी, पीड़ित ने लगाई कार्रवाई की गुहार
अमेठी।
गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोनियापुर मजरे सराय हृदय शाह में चोरों ने एक गरीब परिवार को निशाना बनाते हुए घर का दरवाजा तोड़कर हजारों रुपये की नकदी समेत घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और पीड़ित परिवार में मायूसी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी गंगाराम पासी पुत्र स्वर्गीय विन्धादीन पासी के घर देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर घर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुस गए और वहां रखा 35 हजार रुपये नकद, दो साइकिल तथा तीन बोरी गेहूं चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि नकदी पीड़ित ने मकान पर लिंटर डलवाने के लिए बड़ी मुश्किल से जुटाई थी, जिसे चोर अपने साथ उठा ले गए।पीड़ित गंगाराम पासी ने बताया कि मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह घर निर्माण के लिए पैसे इकट्ठा किए थे, लेकिन चोरी की घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस से शिकायत करने के बाद उन्हें कार्रवाई न करने की धमकियां भी मिल रही हैं। इससे परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में रवि सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रह सके।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment