बिजली कटौती पर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, नियमित आपूर्ति की उठाई मांग
बिजली कटौती पर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, नियमित आपूर्ति की उठाई मांग
अमेठी। अमेठी विधानसभा क्षेत्र में जारी अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एडवोकेट राजेश मिश्रा के नेतृत्व में नागरिकों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में 16 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, जबकि कई गांवों में लोगों को मात्र 2 से 3 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। लगातार हो रही कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों एवं मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं धान की रोपाई का समय होने के बावजूद पर्याप्त बिजली न मिलने से सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।लोगों ने आरोप लगाया कि कम बिजली आपूर्ति के बावजूद उपभोक्ताओं से पूरा बिजली बिल वसूला जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, अघोषित कटौती पर रोक लगाने तथा किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई।इस दौरान विकास शुक्ला, आशीष मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, ऋषभ शुक्ला, राजकुमार मौर्य, सुदीप श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment