दीनी तालीम के साथ दुनियावी शिक्षा भी बेहद जरूरी=सैफुल्लाह अलीमी
दीनी तालीम के साथ दुनियावी शिक्षा भी बेहद जरूरी=सैफुल्लाह अलीमी
श्री न्यूज़ 24/अदिति न्यूज़
राजू सिंह
पलिया खीरी
नगर के इकराम नगर मोहल्ले में मदरसा गुलशन-ए-रजा की ओर से 'गुलशन-ए-रजा कॉन्फ्रेंस' का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए सैफुल्लाह अलीमी ने लोगों को संबोधित करते हुए शिक्षा पर सबसे ज्यादा जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में दीनी तालीम के साथ-साथ दुनियावी तालीम की भी बहुत जरूरत है। आज हमारे समाज को जागरूक होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। जब हमारे बच्चे पढ़-लिखकर शासन और प्रशासन का हिस्सा बनेंगे, तभी हम अपने लोगों की और बेहतर तरीके से मदद कर पाएंगे। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि वे अपने बच्चों को हाफिज बनाने के साथ-साथ आईएएस, पीसीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनाने के लिए भी उच्च शिक्षा दिलाएं।कार्यक्रम में आए शायर ख्वाजा गुलाम सरवर ने मां की महिमा पर बेहद खूबसूरत नाते पाक और कलाम पढ़े, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग झूम उठे। इस साल मदरसा गुलशन-ए-रजा से कुरान की पढ़ाई पूरी करने वाले पांच छात्रों—दिलशाद अली, मोहम्मद मोइन, यूसुफ अनस, रिजवान और आमान की दस्तारबंदी की गई। यह रस्म सैयद खुर्शीद मियां खैराबादी के हाथों पूरी हुई, जिन्होंने सभी बच्चों और वहां मौजूद लोगों को कामयाबी और खुशहाली की दुआएं दीं।
इस पूरी कॉन्फ्रेंस का मंच संचालन कारी अशरफ बिलाली फरीदपुरी ने बहुत अच्छे ढंग से किया। कार्यक्रम के आखिर में सलातो सलाम के बाद मदरसे के मैनेजर कारी जाकिर अली ने सबके भले के लिए मुख्य दुआ कराई। उन्होंने स्थानीय पुलिस और नगर पालिका प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय प्रशासन का हमेशा बहुत बड़ा सहयोग रहता है और वे आगे भी इसी तरह के सहयोग की उम्मीद करते हैं। इस मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Post a Comment