किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए श्वेत धारा डेयरी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
किसानों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए श्वेत धारा डेयरी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
रायबरेली। किसानों की आय में वृद्धि तथा पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से चन्दापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जनई ग्राम सभा में श्वेत धारा डेयरी के पदाधिकारियों द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और डेयरी व्यवसाय को आधुनिक तरीके से संचालित करने के संबंध में उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
बैठक को संबोधित करते हुए श्वेत धारा डेयरी के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में खेती के साथ-साथ पशुपालन किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। यदि किसान वैज्ञानिक पद्धति से पशुपालन करें और पशुओं की उचित देखभाल करें तो दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
पदाधिकारियों ने किसानों को बताया कि भीषण गर्मी, लू और बदलते मौसम के कारण पशुओं में विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। विशेष रूप से खुरपका-मुंहपका तथा अन्य संक्रामक रोगों से बचाव के लिए पशुओं की नियमित निगरानी और समय पर उपचार आवश्यक है। किसानों को सलाह दी गई कि पशुओं को स्वच्छ एवं हवादार स्थान पर बांधें, उनके रहने के स्थान की नियमित सफाई करें तथा साफ पानी और संतुलित आहार उपलब्ध कराएं।
बैठक में यह भी बताया गया कि बारिश के मौसम में पशुओं में बीमारियों का खतरा अधिक रहता है। इसलिए समय-समय पर पशु चिकित्सकों को बुलाकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए तथा आवश्यक टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए। इससे पशु स्वस्थ रहेंगे और दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
डेयरी संचालक चन्द्रमोहन सिंह ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में डेयरी व्यवसाय से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार और डेयरी संस्थाओं की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि श्वेत धारा डेयरी किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है।
इस अवसर पर कोटेदार शिवनायक सिंह, अनूप सिंह, ग्राम प्रधान जग प्रसाद चौरसिया, राजू सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। बैठक के दौरान किसानों ने पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से संबंधित अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान के लिए विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक सुझाव दिए गए।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment