दबंगों द्वारा धान की तैयार नर्सरी जोतने का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दबंगों द्वारा धान की तैयार नर्सरी जोतने का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप, पुलिस जांच में जुटी
तिलोई,अमेठी। जनपद के इन्हौना थाना क्षेत्र में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने चार लोगों पर उसके खेत में तैयार धान की नर्सरी ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार पूरे जोरई मजरे पिपरी अहमदाबाद निवासी अनीता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर पांवरा गांव के पूरे चौबे का पुरवा निवासी कन्हैयालाल, रजनीश, राजू और संजय उसके खेत में पहुंचे और तैयार धान की नर्सरी को ट्रैक्टर से जोत दिया। इससे उसकी फसल को भारी नुकसान पहुंचा।पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस कृत्य का विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाया। घटना के बाद अनीता ने तत्काल पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।मामले को गंभीरता से लेते हुए इन्हौना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीण क्षेत्र में खेती-किसानी से जुड़े विवाद को लेकर हुई इस घटना ने किसानों में चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कृषि कार्यों में बाधा पहुंचाने और फसल को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके। सुनील चौरसिया डिप्टी ब्यूरो मंडल अयोध्या

Post a Comment