अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी
अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी
अमेठी। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना (शैक्षिक सत्र 2026-27) के अंतर्गत उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत एवं मूल निवासी सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं सत्यापन की समय-सारिणी निर्धारित कर दी गई है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शिक्षण संस्थानों द्वारा 22 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक मास्टर डाटा तैयार किया जाएगा, जबकि विश्वविद्यालयों एवं एफिलिएटिंग एजेंसियों द्वारा फीस आदि का सत्यापन 23 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इसके साथ ही मास्टर डाटा का सत्यापन तथा अल्पसंख्यक वर्ग हेतु एनएसपी पोर्टल पर पंजीकृत निजी शिक्षण संस्थानों की मैपिंग का कार्य 25 जुलाई से 14 सितम्बर 2026 तक संपन्न होगा। नवीनीकरण (Renewal) श्रेणी के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं अन्य प्रक्रियाएं 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक संचालित होंगी। इस अवधि में छात्र आवेदन का नवीनीकरण करेंगे तथा शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों के विवरण का सत्यापन, उपस्थिति एवं आय संबंधी अभिलेखों का परीक्षण कर पात्र छात्रों का डाटा ऑनलाइन अग्रसारित करेंगे। विश्वविद्यालय एवं एफिलिएटिंग संस्थाएं भी छात्रों के अभिलेखों का सत्यापन कर डाटा लॉक करेंगी। वहीं नवीन (Fresh) श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण एवं ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 सितम्बर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। छात्र-छात्राओं को आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन पत्र शिक्षण संस्थानों में जमा करना होगा। शिक्षण संस्थान आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 16 सितम्बर से 10 नवम्बर 2026 तक करेंगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं एवं शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए समय से आवेदन एवं सत्यापन की कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपील की है, जिससे किसी भी पात्र विद्यार्थी को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment