स्कूल जाने का रास्ता बना खतरे का सफर, जलभराव और टूटी सड़क से रोज गुजर रहे मासूम
स्कूल जाने का रास्ता बना खतरे का सफर, जलभराव और टूटी सड़क से रोज गुजर रहे मासूम
श्री न्यूज़ 24 / अदिति न्यूज़
डिप्टी यूपी हेड संजीव झांजी की खास रिपोर्ट
पलिया कलां, लखीमपुर खीरी।
संपूर्णानगर क्षेत्र के सिंगाही खुर्द में एक जर्जर सड़क और लगातार बने रहने वाले जलभराव ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति उन स्कूली बच्चों की है, जिन्हें रोज इसी बदहाल मार्ग से होकर स्कूल जाना पड़ता है। बरसात के दौरान सड़क पूरी तरह पानी में डूब जाती है और बच्चों के लिए हर दिन स्कूल पहुंचना जोखिम भरा सफर बन जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क की हालत खराब है, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी राजन यादव ने इस गंभीर समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पलिया को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क निर्माण और जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से कन्या जूनियर हाई स्कूल, जी.एन. मॉडर्न स्कूल और प्राथमिक विद्यालय संपूर्णानगर के सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन गुजरते हैं। सड़क पर भरे गंदे पानी और गड्ढों के कारण किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है।
राजन यादव ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय जनता के साथ व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। हर बारिश में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है, या फिर समय रहते सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कर मासूम बच्चों और ग्रामीणों को इस समस्या से राहत दिलाएगा?

Post a Comment