भाजपा के डीएलपी अभियान को मिली नई गति, राजेश्वर सिंह ने बूथ कार्यकर्ताओं को किया प्रशिक्षित
भाजपा के डीएलपी अभियान को मिली नई गति, राजेश्वर सिंह ने बूथ कार्यकर्ताओं को किया प्रशिक्षित
निघासन (लखीमपुर खीरी)। भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटी हुई है। इसी क्रम में झण्डी क्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश संयोजक (विदेश विभाग) राजा राजेश्वर सिंह ने स्थानीय बूथ एवं शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम (डीएलपी) अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में लालपुर, अदलाबाद तथा झण्डी शक्ति केंद्र के नए एवं पुराने बूथ कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और राष्ट्रहित में किए गए विकास कार्यों की जानकारी डिजिटल माध्यम से देने के उद्देश्य से सरल ऐप के जरिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया। राजेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा का डीएलपी अभियान केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचा सकेगा।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने तथा उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और आगामी चुनावों में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका निर्णायक होगी।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक डिजिटल प्रशिक्षण प्राप्त किया और अभियान को बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक संचालित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर खुशीराम, कपिल चौहान, अवधेश दूबे, लालजी विश्वकर्मा, अरविंद चौहान, दुजई कश्यप, गोवर्धन, पुरुषोत्तम गुप्ता, आशीष गुप्ता, सीताराम, राकेश गुप्ता, मुकेश लोधी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment