छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की समय-सारिणी जारी, छात्र निर्धारित तिथियों में करें आवेदन
छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की समय-सारिणी जारी, छात्र निर्धारित तिथियों में करें आवेदन
अमेठी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए आवेदन एवं सत्यापन की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में स्थित नवीन शिक्षण संस्थानों को छात्रवृत्ति पोर्टल के मास्टर डाटा बेस में सम्मिलित होने के लिए 22 जुलाई 2026 से प्रक्रिया प्रारंभ करनी होगी। इसके उपरांत छात्र-छात्राएं 5 सितम्बर 2026 से 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन एवं नवीनीकरण कर सकेंगे तथा आवेदन की हार्डकॉपी शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षण संस्थानों द्वारा विद्यार्थियों के आवेदन पत्रों का सत्यापन, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, उपस्थिति एवं प्राप्तांक अंकन तथा पात्र छात्रों के आवेदन अग्रसारित करने की कार्यवाही निर्धारित समयावधि में की जाएगी। इसके बाद जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा डिजिटल सत्यापन एवं लॉक डाटा के आधार पर पात्र छात्र-छात्राओं के आधार लिंक्ड बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि अंतरित की जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें तथा आवश्यक अभिलेख समय से अपने शिक्षण संस्थान में जमा करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ प्राप्त हो सके। साथ ही सभी शिक्षण संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment