अमेठी में लेखपाल पर गंभीर आरोप: तालाब की सरकारी भूमि पर धान की रोपाई कराने की शिकायत, एसडीएम से जांच व कार्रवाई की मांग
अमेठी में लेखपाल पर गंभीर आरोप: तालाब की सरकारी भूमि पर धान की रोपाई कराने की शिकायत, एसडीएम से जांच व कार्रवाई की मांग
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
तिलोई अमेठी। जनपद अमेठी की तिलोई तहसील में क्षेत्रीय लेखपाल पर सरकारी तालाब की भूमि को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्राम पूरे शिव सिंह मजरे कूरा, परगना मोहनगंज निवासी मोहम्मद अनीस खां ने उपजिलाधिकारी तिलोई को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि क्षेत्रीय लेखपाल की कथित मिलीभगत से राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज भूमि पर धान की रोपाई कराई जा रही है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित गाटा संख्या 2651 रकबा 1.1380 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। उनके अनुसार पूर्व में न्यायालय और राजस्व अधिकारियों के आदेश के बाद भूमि को तालाब खाते में दर्ज किया जा चुका है, इसके बावजूद कुछ लोग उस पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2025 में तालाब की मेड़ों पर लगे 650 से अधिक यूकेलिप्टस के पेड़ों को कथित रूप से काटकर बेच दिया गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसकी शिकायत पहले भी जिला प्रशासन और तहसील प्रशासन से की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत में आगे कहा गया है कि 8 जुलाई 2026 से संबंधित लोगों द्वारा तालाब की भूमि पर धान की रोपाई शुरू करा दी गई है। शिकायतकर्ता ने इसे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास बताते हुए तत्काल रोपाई रुकवाने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में कुछ न्यायालयी आदेशों का भी उल्लेख करते हुए शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि भूमि को लेकर पूर्व में न्यायालय द्वारा आदेश पारित किए जा चुके हैं और उन आदेशों के बावजूद सरकारी भूमि पर खेती कराई जा रही है।
उपजिलाधिकारी तिलोई से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सरकारी तालाब की भूमि को अतिक्रमण से बचाने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी तिलोई आशीष सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र मिला जांच करवा कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Post a Comment