अमेठी: जनकल्याण समिति ने CMO को सौंपा ज्ञापन
अमेठी: जनकल्याण समिति ने CMO को सौंपा ज्ञापन
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में अल्ट्रासाउंड और प्रसव सुविधा शुरू करने की मांग
जनकल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह ने वृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी अमेठी को ज्ञापन सौंपकर जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में व्याप्त बुनियादी समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए शासन स्तर पर उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, लेकिन उनका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। समिति द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जामों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गौरीगंज में अल्ट्रासाउंड के आधुनिक उपकरण कई महीनों से रखे हुए हैं, लेकिन अभी तक उन्हें स्थापित नहीं किया गया है। इससे गर्भवती महिलाओं और मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए जिला अस्पताल या निजी सेंटरों पर जाना पड़ रहा है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। समिति ने जनहित को देखते हुए इन उपकरणों को तत्काल प्रभाव से स्थापित कर संचालित करने की मांग की है। पत्र में दूसरी प्रमुख समस्या के रूप में बताया गया कि उक्त दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के कुछ चिकित्सकीय कक्षों और वार्डों में बरसात के दौरान छत से पानी टपकता है। इससे न केवल मरीजों के उपचार में बाधा आती है, बल्कि दवाओं और महत्वपूर्ण अभिलेखों के खराब होने का भी खतरा बना रहता है। अध्यक्ष ने भवन की मरम्मत और छत के लीकेज को ठीक कराने का अनुरोध किया है। तीसरी मांग में समिति ने कहा कि जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रसव की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वर्तमान में प्रसव के मामलों में महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को काफी परेशानी होती है। विशेष रूप से संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज में प्रसव कक्ष, आवश्यक उपकरण और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।रीता सिंह ने कहा कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समिति जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment