स्वतंत्रता दिवस पर अमेठी में आयोजित हुई 5 किमी क्रॉस कंट्री रेस, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित।
स्वतंत्रता दिवस पर अमेठी में आयोजित हुई 5 किमी क्रॉस कंट्री रेस, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित।
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
अमेठी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, अमेठी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में 5 किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपक्रीड़ाधिकारी अमेठी अरविंद सिंह कुशवाहा द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कुल 79 पुरुष एवं 61 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा एवं जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल हमीद के नेतृत्व में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम से गौरीगंज बाईपास तक "तिरंगा प्रभात फेरी" भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने सहभागिता कर देशभक्ति का संदेश दिया। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में विवेक कुमार ने प्रथम, मुकेश यादव ने द्वितीय तथा राज कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में छाया अग्रहरी प्रथम, आराध्या मिश्रा द्वितीय एवं सुमन सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राजेश मसाला अमेठी के मार्केटिंग मैनेजर हिमांशु अग्रहरी, एम.एस. वैग सुल्तानपुर, टीम सेलेक्टर विनोद कनौजिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिला खेल कार्यालय के प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का विकास करती हैं तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

Post a Comment