आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्क रहें, दामिनी ऐप का करें प्रयोग : एडीएम।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सतर्क रहें, दामिनी ऐप का करें प्रयोग : एडीएम।
सुनील चौरसिया डिप्टी मंडल
ब्यूरो अयोध्या श्री न्यूज़ 24
अमेठी। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह ने जनपदवासियों से बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली से बचाव हेतु विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की आशंका या सूचना प्राप्त होने पर लोग कच्चे एवं जर्जर मकानों में रहने से बचें तथा आवश्यकता पड़ने पर पंचायत भवन अथवा अन्य सुरक्षित स्थानों में शरण लें। एडीएम ने कहा कि बादलों के गरजने एवं बिजली चमकने के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। यदि यात्रा के दौरान अचानक मौसम खराब हो जाए और बादल गरजने लगें तो राहगीर तत्काल किसी सुरक्षित स्थान पर रुक जाएं। उन्होंने लोगों को बारिश के समय पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा विद्युत पोल, खुले तारों एवं अन्य विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मौसम संबंधी ताजा जानकारी प्राप्त करने के लिए टीवी, रेडियो एवं अन्य आधिकारिक माध्यमों का नियमित रूप से उपयोग करें। साथ ही आकाशीय बिजली से सुरक्षा के लिए सभी नागरिक भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा विकसित दामिनी ऐप का प्रयोग करें। इस ऐप के माध्यम से 20 किलोमीटर के दायरे में आकाशीय बिजली गिरने की संभावित घटना की जानकारी लगभग 30 मिनट पूर्व प्राप्त हो जाती है, जिससे समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर स्वयं तथा अन्य लोगों की जान बचाई जा सकती है। ज्योति सिंह ने कहा कि कच्चे मकानों के आसपास जलभराव न होने दें तथा यदि मकानों के निचले हिस्सों में पानी जमा हो जाए तो तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करें। उन्होंने पशुपालकों से भी अपील की कि बारिश एवं आकाशीय बिजली की घटनाओं के दौरान अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा उन्हें खुले में न छोड़ें। अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता ही आकाशीय बिजली जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Post a Comment