तहसील दिवस में शिकायत के बाद दंडपुरवा राशन दुकान की जांच, ग्रामीणों ने सप्लाई इंस्पेक्टर व नायब तहसीलदार के सामने लगाए गंभीर आरोप
तहसील दिवस में शिकायत के बाद दंडपुरवा राशन दुकान की जांच, ग्रामीणों ने सप्लाई इंस्पेक्टर व नायब तहसीलदार के सामने लगाए गंभीर आरोप
भदफर (सीतापुर)। तहसील लहरपुर क्षेत्र के ग्राम दंडपुरवा बेलवा डिगरा स्थित सरकारी उचित दर विक्रेता के खिलाफ तहसील दिवस में की गई शिकायत के बाद शनिवार को प्रशासन हरकत में आया। शिकायत की जांच के लिए नायब तहसीलदार एवं सप्लाई इंस्पेक्टर गांव पहुंचे और शिकायतकर्ताओं तथा ग्रामीणों से मौके पर जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा उपजिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि कोटेदार मदन यादव अंत्योदय कार्डधारकों को निर्धारित 35 किलोग्राम राशन के स्थान पर 30 किलोग्राम ही वितरण करते हैं। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट मिलने वाले 5 किलोग्राम राशन के बजाय 4 किलोग्राम ही दिया जाता है। आरोप है कि इस प्रकार हर माह लाभार्थियों के राशन में कटौती की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं का यह भी कहना है कि ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद कई बार लाभार्थियों को तुरंत राशन नहीं दिया जाता, बल्कि कई दिनों तक चक्कर कटवाए जाते हैं। विरोध करने पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार अधिकांश समय राशन कार्ड अपने पास रखता है और लाभार्थियों से सीधे बातचीत भी नहीं करता, जिससे ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकारियों ने राशन वितरण से जुड़े अभिलेखों और ई-पॉस मशीन के रिकॉर्ड की जांच की तथा शिकायतकर्ताओं के बयान भी दर्ज किए। नायब तहसीलदार एवं सप्लाई इंस्पेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित उचित दर विक्रेता के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अब ग्रामीणों की निगाह प्रशासन की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Post a Comment