खबर का असर जलभराव की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी, ग्रामीणों के लिए तत्काल कराई नाव की व्यवस्था
खबर का असर जलभराव की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी, ग्रामीणों के लिए तत्काल कराई नाव की व्यवस्था
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लिया जमीनी हालात का जायजा, नाव चलने से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
लखीमपुर खीरी तहसील निघासन क्षेत्र दौलतापुर में जलभराव के चलते ग्रामीणों के आवागमन में आ रही परेशानी की खबर सामने आते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय लेखपाल, लोक निर्माण विभाग (PWD) के अवर अभियंता (JE), ग्राम प्रधान दीपक जायसवाल तथा क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय कुमार संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचे और जलभराव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जलभराव के कारण आवागमन में हो रही परेशानी और संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल राहत के तौर पर नाव की व्यवस्था कराई गई, जिससे ग्रामीणों का आवागमन सुरक्षित तरीके से शुरू हो सका।
खबर का असर, प्रशासन ने दिखाई तत्परता
खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन द्वारा मामले का संज्ञान लेना क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत की बात रही। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति का बारीकी से जायजा लिया तथा मार्ग एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन किया।
राहत के साथ स्थायी समाधान की उम्मीद
ग्राम प्रधान दीपक जायसवाल के सहयोग से जलभराव वाले क्षेत्र में नाव की व्यवस्था कराए जाने से ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली है। वहीं अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जलभराव और आवागमन की समस्या पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत की व्यवस्था कराने पर संतोष जताया। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि अस्थायी राहत के साथ-साथ जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान भी कराया जाएगा।

Post a Comment