अमेठी केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने जोनल प्रतियोगिता में रचा इतिहास, ‘स्वदेशी खेल एवं खिलौने’ में हासिल किया द्वितीय स्थान
अमेठी केंद्रीय विद्यालय की छात्राओं ने जोनल प्रतियोगिता में रचा इतिहास, ‘स्वदेशी खेल एवं खिलौने’ में हासिल किया द्वितीय स्थान
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अमेठी की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन करते हुए जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
केंद्रीय विद्यालय बीएचयू, वाराणसी में 20 से 21 अगस्त को आयोजित ‘कला उत्सव’ के अंतर्गत ‘स्वदेशी खेल एवं खिलौने’ विषय पर जोनल स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई।प्रतियोगिता में वाराणसी, लखनऊ, आगरा, रांची और जबलपुर सहित पांच क्षेत्रों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अमेठी की छात्राओं शगुन और ओजस्वी ने प्रतियोगिता में अपनी शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया। छात्राओं ने स्वदेशी खेल एवं खिलौनों की थीम पर आकर्षक मॉडल एवं कलात्मक प्रस्तुति तैयार की। उनकी रचनात्मकता, विषय की समझ और प्रस्तुति कौशल की निर्णायकों ने सराहना की और उन्हें प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।छात्राओं की इस सफलता से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अमेठी में उत्साह का माहौल है। विद्यालय परिवार, शिक्षकों और सहपाठियों ने शगुन एवं ओजस्वी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विद्यालय परिवार का कहना है कि यह उपलब्धि छात्राओं के निरंतर अभ्यास, शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और उनकी मेहनत का परिणाम है। कला उत्सव जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भारतीय कला एवं संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अमेठी की बेटियों ने अपनी प्रतिभा से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।

Post a Comment