मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों को दी बड़ी सौगात, कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं ड्यूटी भत्ते में वृद्धि की घोषणा।
मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों को दी बड़ी सौगात, कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं ड्यूटी भत्ते में वृद्धि की घोषणा।
अमेठी, 18 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र, रामगढ़ताल में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवान सम्मेलन एवं पीआरडी बैरक शिलान्यास कार्यक्रम में पीआरडी जवानों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने तथा उनके दैनिक ड्यूटी भत्ते को ₹500 से बढ़ाकर ₹600 प्रतिदिन करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से प्रदेश के हजारों पीआरडी जवानों में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रांतीय रक्षक दल के जवान प्रदेश की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पीआरडी जवानों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उनकी सुविधाओं में निरंतर वृद्धि की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों की सेवाएं समाज और राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है। गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद अमेठी के राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस अवसर पर विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता सिंह, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के सभी क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पीआरडी जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पीआरडी जवानों ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित सुविधाओं का स्वागत करते हुए इसे उनके कल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी कदम बताया। उपस्थित अधिकारियों ने भी कहा कि सरकार की यह पहल पीआरडी जवानों के मनोबल को और अधिक मजबूत करेगी तथा उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

Post a Comment