प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
अमेठी, 10 अगस्त 2026। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में सोमवार को प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ज्योति सिंह, उपजिलाधिकारी पंकज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ राजेश कुमार द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अतिथियों ने बजरंगबली की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में विभिन्न मंडलों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेरठ ने देवीपाटन को 4-2 से, लखनऊ ने गोरखपुर को 3-0 से, आगरा ने मीरजापुर को 3-0 से तथा बरेली ने मुरादाबाद को 7-0 से पराजित किया। वहीं वाराणसी की टीम ने झांसी को 12-0 के बड़े अंतर से हराकर दिन की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की बालिका फुटबॉल टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आठ दिवसीय प्रतियोगिता 17 अगस्त 2026 तक चलेगी तथा इसी दिन फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं खेल विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बालिका खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और प्रदेश स्तर पर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment