लालपुर से करण गांव तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
लालपुर से करण गांव तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा क्षेत्र
तिलोई,अमेठी तिलोई तहसील क्षेत्र में बुधवार को देशभक्ति के उत्साह के बीच भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र के मौजा यूसुफनगर स्थित लालपुर चौराहे से मौजा करण गांव तक निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, महिलाएं, सम्मानित नागरिक और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे लगाए।लालपुर चौराहे पर आयोजित तिरंगा यात्रा में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, सिंहपुर ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी और कुंवर अवनेन्द्र प्रताप सिंह सेमरौता की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्राम प्रधान शामिल हुए। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों और जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए करण गांव पहुंची। रास्ते में ग्रामीणों ने भी यात्रा का स्वागत किया।महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में सहभागिता की। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।वहीं सिंहपुर ब्लॉक मुख्यालय से भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला और राकेश त्रिपाठी की अगुवाई में निकली यात्रा ब्लॉक मुख्यालय से चलकर अहोरवा भवानी चौराहे तक पहुंची। कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लगाने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की गई। एसपी अमेठी के निर्देश पर सीओ तिलोई और संबंधित थाना पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली। यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, सत्य नारायण सिंह, राहुल पाठक समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ

Post a Comment