सिंगाही में 4 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के आरोप में 65 वर्षीय व्यक्ति हिरासत में, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सिंगाही में 4 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के आरोप में 65 वर्षीय व्यक्ति हिरासत में, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
लखीमपुर खीरी। सिंगाही थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोप का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही सिंगाही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी खलील (लगभग 65 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को पीड़िता के परिजन द्वारा थाना सिंगाही पहुंचकर शिकायत दी गई कि गांव के ही खलील पुत्र अशर्फी ने बालिका को जबरन अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया। थाना सिंगाही में मु0अ0सं0 174/2026 के तहत धारा 65(2) बीएनएस एवं धारा 5(m)/6 पॉक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने दिखाई तत्परता
मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक खीरी और क्षेत्राधिकारी निघासन के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सिंगाही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस का कहना है कि पीड़िता को तत्काल चिकित्सीय परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सा सहायता के लिए भेजा गया है। मामले में साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गांव में घटना को लेकर चर्चा, कार्रवाई पर निगाहें
चार वर्षीय बालिका से जुड़े इस गंभीर मामले की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। लोगों की नजर अब पुलिस की आगे की कार्रवाई पर है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे की विवेचना की जा रही है और मामले से जुड़े तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण में नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment