शारदा सहायक खंड-41 की कुलाबा समितियों के चुनाव का बिगुल बजा
शारदा सहायक खंड-41 की कुलाबा समितियों के चुनाव का बिगुल बजा
25 सितंबर को अधिसूचना, 26 अक्टूबर को मतदान और 28 को मतगणना
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी शारदा सहायक खंड-41 की कुलाबा समितियों के प्रबंधन समिति सदस्यों के प्रथम चरण के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। अमेठी और बाराबंकी जनपदों में सिंचाई विभाग की नहरों से संबद्ध समितियों के निर्वाचन की प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होगी। मतदान 26 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना एवं परिणामों की घोषणा 28 अक्टूबर को की जाएगी।खंडीय चुनाव अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता ने उत्तर प्रदेश सहभागी सिंचाई प्रबंधन अधिनियम-2009 और नियमावली-2010 के तहत निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार नामांकन पत्र 26 सितंबर से एक अक्टूबर तक जमा किए जा सकेंगे। तीन अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। प्रत्याशी सात से 10 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। 11 अक्टूबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
कुलाबा समितियों के लिए मतदान 26 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। चुनाव प्रक्रिया के लिए दो नामांकन केंद्र बनाए गए हैं। क्रमांक एक से 20 तक की समितियों के लिए निरीक्षण भवन, तातारपुर तथा 21 से 38 तक की समितियों के लिए उपखंड चतुर्थ कार्यालय, जगदीशपुर में नामांकन होगा।
नामांकन पत्र निःशुल्क, जमानत राशि निर्धारित
नाम निर्देशन पत्र संबंधित नामांकन स्थल पर निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्याशियों को सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष निर्धारित समय में नामांकन प्रस्तुत करना होगा। नामांकन पत्र के साथ शपथ-पत्र और आवश्यक प्रमाण-पत्र लगाना अनिवार्य होगा।सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और गरीबी रेखा से नीचे के अभ्यर्थियों के लिए 50 रुपये जमानत राशि निर्धारित की गई है।खंडीय चुनाव अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है, ताकि कृषक एवं जल उपभोक्ता समिति के सदस्य चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

Post a Comment