मुन्नापुरवा में खेत के पानी ने छीना परिवार का सहारा, 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मुन्नापुरवा में खेत के पानी ने छीना परिवार का सहारा, 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
छेदुई पतिया (लखीमपुर खीरी)। मुन्नापुरवा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत में भरे पानी में डूबने से करीब 40 वर्षीय रामखेलावन पुत्र बृजलाल की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि रामखेलावन सुबह खेत में जानवरों को रोकने के लिए लगाए गए फंदे को देखने गया था। खेत में काफी पानी भरा हुआ था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह पानी से भरे गहरे गड्ढे में चला गया और बाहर नहीं निकल सका।
काफी देर तक घर वापस न लौटने पर जानकारी होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। डायल 112 और मझगईं पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया।
रामखेलावन मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में चार बेटियां और एक छोटा बेटा है। पिता की मौत के बाद बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में शोक की लहर है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Post a Comment