गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन सतर्क, नदी किनारे रहने वाले लोग बरतें विशेष सावधानी
गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन सतर्क, नदी किनारे रहने वाले लोग बरतें विशेष सावधानी
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। वर्तमान में लगातार हो रही वर्षा के कारण गोमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रभारी अधिकारी (दैवीय आपदा) रामशंकर ने बताया कि गोमती नदी के किनारे निवास करने वाले सभी लोग आवश्यक सावधानी बरतें तथा नदी के किनारे नौकायन, तैराकी एवं पशुओं को नहलाने जैसे कार्यों से बचें। उन्होंने कहा कि यदि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता है और किसी सीमावर्ती गांव में कटान की आशंका उत्पन्न होती है तो संबंधित व्यक्ति स्वयं अथवा ग्राम प्रधान के माध्यम से तत्काल लेखपाल एवं तहसील प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए जनपद में 15 नावें तैयार रखी गई हैं। इसके अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अयोध्या स्थित सेना कोर से भी संपर्क स्थापित किया गया है। प्रशासन द्वारा नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध कराएं, जिससे समय पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।

Post a Comment