जेम पोर्टल के प्रभावी उपयोग को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई कार्यशाला
जेम पोर्टल के प्रभावी उपयोग को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई कार्यशाला
शासकीय खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर दिया गया विशेष जोर
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी, 11 सितम्बर 2026। शासकीय विभागों में वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम, प्रतिस्पर्धात्मक एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के नियमों, प्रक्रियाओं एवं प्रभावी उपयोग से संबंधित एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ तहसील एवं विकास खंड स्तर के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला के दौरान जेम पोर्टल के प्रतिनिधि निखिल राय द्वारा अधिकारियों को पोर्टल के माध्यम से शासकीय वस्तुओं एवं सेवाओं के क्रय संबंधी अद्यतन दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि जेम पोर्टल केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों के लिए एक महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से खरीद प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी तथा समयबद्ध बनाया गया है। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल पर उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं, क्रय प्रक्रिया के चरणों, वस्तुओं एवं सेवाओं के चयन, विक्रेता चयन, ऑर्डर जारी करने, भुगतान प्रक्रिया तथा अनुबंध संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जेम पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग से भी अवगत कराया गया। विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बताया गया कि किस प्रकार विभाग अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं एवं सेवाओं का चयन कर सकते हैं तथा प्रतिस्पर्धी दरों पर खरीद सुनिश्चित कर सकते हैं। साथ ही पोर्टल पर उपलब्ध नवीन सुविधाओं एवं शासन द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में सुशासन की अवधारणा को सशक्त बनाने में डिजिटल प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण भूमिका है। जेम पोर्टल शासकीय खरीद प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शासकीय खरीद संबंधी कार्यों में जेम पोर्टल का अधिकतम उपयोग किया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का शत-प्रतिशत अनुपालन हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल के माध्यम से होने वाली खरीद प्रक्रिया में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल जानकारी प्रदान करना नहीं, बल्कि अधिकारियों को नवीन तकनीकों एवं प्रक्रियाओं के प्रति दक्ष बनाना भी है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए अधिकारी अपने विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से संचालित करेंगे। कार्यशाला के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा जेम पोर्टल से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न एवं जिज्ञासाएं प्रस्तुत की गईं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। इससे अधिकारियों को पोर्टल के संचालन एवं खरीद प्रक्रिया से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी प्राप्त हुई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी पन्नालाल सहित जनपद के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न तहसीलों एवं विकास खंडों के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment