जन क्रांति आर्मी का तिलोई तहसील में जोरदार प्रदर्शन
जन क्रांति आर्मी का तिलोई तहसील में जोरदार प्रदर्शन
किसानों और जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
तिलोई,अमेठी किसानों और आम जनमानस की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को जन क्रांति आर्मी के कार्यकर्ताओं ने तिलोई तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तहसील परिसर पहुंचे और जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।उपजिलाधिकारी के व्यस्त होने के कारण तहसीलदार अभिषेक यादव ने कार्यकर्ताओं से ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।प्रदर्शन के दौरान जर्जर ग्रामीण सड़कें, अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट, चकमार्गों और सार्वजनिक तालाबों पर कथित अवैध अतिक्रमण जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए कार्यकर्ताओं का कहना था कि चकमार्गों पर कब्जे के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है, वहीं तालाबों पर अतिक्रमण से सार्वजनिक संसाधनों का स्वरूप प्रभावित हो रहा है।जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने कहा कि क्षेत्र का किसान और आम नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। प्रशासन को जनहित से जुड़े इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।ज्ञापन में चकमार्गों और सार्वजनिक तालाबों से अतिक्रमण हटाने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, अघोषित बिजली कटौती पर रोक, पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा किसानों की सिंचाई और उपज से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई।कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं हुआ तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष सतनाम, मंसाराम, आमिर हसन, सूरज कुमार, शिव नारायण, जिला संगठन प्रभारी राज शेखर मिश्रा, महिला मोर्चा अध्यक्ष तिलोई शैल मिश्रा सहित जन मोर्चा आर्मी तमाम पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।

Post a Comment