Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की प्रेस वार्ता, 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना

 जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर सीडीओ ने की प्रेस वार्ता, 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना



16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से नागरिक स्वयं दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण


1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे प्रगणक, मीडिया से व्यापक जनजागरूकता की अपील


यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ 


अमेठी। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों एवं न्यूज चैनलों के मीडिया प्रतिनिधियों को जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी और स्वगणना के संबंध में विस्तृत जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से जनगणना-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई, ताकि जनपद के प्रत्येक नागरिक तक इसकी जानकारी पहुंच सके। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। इसके अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में नागरिक निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकेंगे। विवरण सफलतापूर्वक दर्ज करने के बाद प्राप्त होने वाली स्वगणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखना होगा, ताकि घर-घर गणना के दौरान प्रगणक के मांगने पर उसे उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान नागरिकों द्वारा स्वगणना आईडी उपलब्ध कराने से दर्ज विवरण के सत्यापन एवं गणना की प्रक्रिया को सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना से संबंधित जानकारी को सही, स्पष्ट एवं पूर्ण रूप से दर्ज करें तथा निर्धारित अवधि में गणना कार्य संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। सीडीओ ने बताया कि जनगणना-2027 के दौरान निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी। ऐसे में नागरिक अपने तथा परिवार के सदस्यों से संबंधित जरूरी विवरण पहले से व्यवस्थित कर लें, जिससे ऑनलाइन स्वगणना करते समय किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी जानकारियां सटीक रूप से दर्ज की जा सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा संसाधनों के बेहतर नियोजन में उपयोगी होते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सही जानकारी का विशेष महत्व है। प्रेस वार्ता के दौरान मास्टर ट्रेनर दिवाकर मिश्रा ने मीडिया प्रतिनिधियों को ऑनलाइन पोर्टल पर स्वगणना के लिए विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल के उपयोग, आवश्यक जानकारियों को भरने तथा स्वगणना आईडी प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया। मुख्य विकास अधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों, सोशल मीडिया एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों के जरिए जनगणना-2027 से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। नागरिकों को स्वगणना की निर्धारित तिथियों, ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग और घर-घर आने वाले प्रगणकों को सहयोग देने के संबंध में जागरूक किया जाए, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित, पारदर्शी, सटीक एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर 2026 के बीच ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा का लाभ उठाएं तथा 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के मध्य घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। प्रेस वार्ता में जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, जिला सूचना अधिकारी शिवदर्शन यादव सहित विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों एवं न्यूज चैनलों के मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे

कोई टिप्पणी नहीं