Click now

https://bulletprofitsmartlink.com/smart-link/41102/4

प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय ट्रायल 7 अक्टूबर से

 प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय ट्रायल 7 अक्टूबर से



यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ 


अमेठी। जनपद के खिलाड़ियों के लिए प्रदेश स्तर पर प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। जिला खेल कार्यालय, अमेठी द्वारा विभिन्न प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। यह जानकारी उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने दी। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय खेल कार्यालय, अयोध्या के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष/महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता तथा सीनियर पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय ट्रायल 7 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में आयोजित होगा। इन प्रतियोगिताओं के मंडल स्तरीय ट्रायल 8 अक्टूबर को अयोध्या में आयोजित किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ी बैडमिंटन प्रतियोगिता में 10 से 12 अक्टूबर तक वाराणसी तथा कुश्ती प्रतियोगिता में 13 से 15 अक्टूबर तक मिर्जापुर में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। इसी प्रकार प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय ट्रायल 12 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में आयोजित किया जाएगा। इसका मंडल स्तरीय ट्रायल 13 अक्टूबर को अयोध्या में होगा, जबकि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 15 से 17 अक्टूबर तक मुरादाबाद में आयोजित की जाएगी। उपक्रीड़ाधिकारी ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाले इच्छुक खिलाड़ियों को आधार कार्ड की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों, खेल संघों एवं खेल प्रेमियों से अधिकाधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं