विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने दिए सख्त निर्देश
विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने दिए सख्त निर्देश
योजनाओं के लक्ष्य समयसीमा में पूरे करें अधिकारी, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का कराएं सत्यापन
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं, पूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र हैंडओवर कराने के निर्देश
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों एवं निर्माण कार्यों की सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की विकास प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करें और जहां प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष प्रयास कर सुधार लाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी ने जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत लाभान्वित व्यक्तियों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल, जनता दर्शन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त जनशिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए और संबंधित शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपनी योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने तथा सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय रैंकिंग बेहतर करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ काम करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि खराब प्रगति एवं रैंकिंग वाले विभागों के संबंध में जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विकास कार्यों की समीक्षा के बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ जनपद में संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से और तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में प्रयुक्त होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के बाद ही उसका उपयोग किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब, मानकों की अनदेखी अथवा किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जिन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें संबंधित विभाग को शीघ्र हैंडओवर कराने के निर्देश दिए, ताकि उनका उपयोग जनहित में किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी पन्नालाल, प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे

Post a Comment