गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए पीठासीन एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए पीठासीन एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
23 अक्टूबर को जनपद के 9 मतदेय स्थलों पर होगा मतदान, निष्पक्ष एवं सुचारु निर्वाचन संपन्न कराने पर जोर
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर पूरी गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करें अधिकारी : जिला निर्वाचन अधिकारी
यूपी रिपोर्टर मारूफ अहमद अमेठी के साथ
अमेठी। आगामी 23 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को विकास भवन सभागार में पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं, निर्धारित प्रारूपों तथा मतपेटी को खोलने, बंद करने और सीलिंग की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर अजय सिंह ने प्रोजेक्टर एवं पीपीटी के माध्यम से अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदान के दौरान प्रयोग किए जाने वाले विभिन्न प्रारूपों को भरने, निर्वाचन संबंधी अभिलेखों के रखरखाव तथा बैलेट बॉक्स को खोलने, बंद करने और नियमानुसार सील करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों की ओर से पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगाए गए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करने तथा प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता, सजगता और मनोयोग से प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक अधिकारी को अपनी जिम्मेदारियों, निर्धारित प्रक्रियाओं और दायित्वों की स्पष्ट जानकारी होना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का मतदान के दिन प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए जनपद अमेठी में कुल 9 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 12 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। इनमें से 9 पोलिंग पार्टियां संबंधित मतदेय स्थलों पर तैनात की जाएंगी, जबकि 3 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व में रखा जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग किया जा सके। निर्वाचन तैयारियों के क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को पीठासीन अधिकारियों तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारियों को द्वितीय चरण का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य सभी मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक पहलू से भली-भांति परिचित कराते हुए मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी अधिकारी कार्मिक पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment